नैनीताल , अक्टूबर 07 -- उत्तराखंड में नैनीताल जिले के कैंचीधाम में बुधवार को 26 होम स्टे और होटलों का सघन निरीक्षण किया गया और इनमें से 22 पर जुर्माना लगाया गया है।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्य के अनुसार दो इकाइयों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर निरीक्षण की कार्रवाई की गई।

निरीक्षण में अधिकांश इकाइयों में खामियां पाई गईं। कई इकाइयों में रेट लिस्ट विधिवत प्रदर्शित नहीं मिली। कई इकाइयां पंजीकृत कक्षों से अधिक कक्षों का संचालन कर रही थीं और पर्यटन नियमावली के मानकों का उल्लंघन भी पाया गया। इसलिए 22 पंजीकृत इकाइयों पर प्रति इकाई 10,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। बिना पंजीकरण संचालित दो इकाइयों पर अर्थदंड के साथ तत्काल संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए। मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर चार इकाई स्वामियों को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में होटल/होम स्टे इकाइयों का निरंतर भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है और मानकों का पालन न करने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित