पेडापल्ली , जून 15 -- तेलंगाना रक्षण सेना (टीआरएस) की अध्यक्ष कलवकुंतला कविता ने सोमवार को मन्दमर्री की कासीपेट-1 खदान से सप्ताह भर चलने वाले जनसंपर्क कार्यक्रम 'बायी बाटा' (कोयला खदान दौरा) की शुरुआत की।
इस दौरान सुश्री कविता ने राज्य सरकार पर बड़ा आरोप लगाया और कहा कि सरकार सिंगरेनी कर्मचारियों की समस्याओं को सुलझाने के बजाय उन्हें गुमराह कर रही है।
खदान पर पहुँचने से पहले टीआरएस नेता ने गोदावरीखानी के पास गोदावरी नदी में पूजा-अर्चना की। खदान के दौरे पर उन्होंने वहाँ काम करने वाले कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना तथा विशेष रूप से श्रमिक कल्याण के मुद्दों पर चर्चा की।
इस मौके पर सुश्री कविता ने कहा कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी और उपमुख्यमंत्री भट्टी विक्रमार्क को सिर्फ ज्ञापन सौंपने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें सिंगरेनी के लिए नयी कोयला खदानें हासिल करने और सही नीतियां बनाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि सरकार कर्मचारियों के आयकर से जुड़े मुद्दों और नियमित मेडिकल बोर्ड बैठकें कराने में पूरी तरह विफल रही है।
सुश्री कविता ने कहा कि अगर नयी कोयला खदानें मिलती हैं, तो करीब एक लाख नौकरियां पैदा हो सकती हैं। उन्होंने खदानों के निजीकरण और भूमिगत खनन को कम करने के फैसले का विरोध किया। उन्होंने साफ किया कि टीआरएस और हिंद मजदूर संघ (एचएमएस) मिलकर कर्मचारियों के हक और उनके भविष्य के लिए लड़ाई जारी रखेंगे।
टीआरएस नेता ने कहा कि अगर सरकार सच में सिंगरेनी की भलाई चाहती है, तो कंपनी का बकाया 50,000 करोड़ रुपये तुरंत चुकाए। उन्होंने ओपन-कास्ट वाली खनन परियोजनाओं को बढ़ाने की आलोचना की और कहा कि इससे कर्मचारियों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित