खैरागढ़ , जुलाई 06 -- छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले की छुईखदान पुलिस ने अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टेबाजी और साइबर ठगी से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक तथा फ्रीज की गई राशि सहित कुल 10.50 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि गृह मंत्रालय के 'समन्वय पोर्टल' और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) से प्राप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध बैंक खातों की जांच की गई। जांच में छुईखदान निवासी दीपक निर्मलकर के बैंक खाते में ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी से जुड़े लगभग 1.69 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपना बैंक खाता 12 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर गिरोह को उपलब्ध कराया था।

जांच के दौरान आरोपी राहुल जंघेल ने बताया कि इस बैंक खाते का उपयोग महाराष्ट्र के मुंबई स्थित पलावा सिटी में किराये के फ्लैट से संचालित ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी और साइबर ठगी के नेटवर्क में किया जाता था। गिरोह का संचालन राहुल देवांगन करता था, जो नेटवर्क से जुड़े लोगों को 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देता था। आर्थिक नुकसान के कारण चार माह पहले मुंबई से संचालन बंद कर दिया गया था, लेकिन गिरोह के सदस्य अलग-अलग स्थानों से गतिविधियां जारी रखे हुए थे।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 19 एटीएम कार्ड, पांच बैंक पासबुक, 14 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया। साथ ही फ्रीज की गई राशि सहित कुल 10.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक निर्मलकर (निवासी नवागांव लोधी), राहुल जंघेल (निवासी मैनहर), राहुल देवांगन (निवासी धरसींवा, रायपुर) तथा विजय कुमार साहू (निवासी गगरिया खम्हरिया) के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले दो वर्षों से 'फेयर प्ले', 'रेड्डी अन्ना', 'जयराम' और 'शिवा बुक' जैसे ऑनलाइन सट्टेबाजी एप के माध्यम से देशभर में अवैध नेटवर्क संचालित कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित