खैरागढ़-छुईखदान-गंडई , जुलाई 09 -- छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (केसीजी) जिले में अपराध अनुसंधान और विवेचना को तकनीक आधारित बनाने की दिशा में पुलिस विभाग ने आज एक महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस मुख्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए 63 स्मार्ट मोबाइल डेटा टर्मिनल (एमडीटी) जिले के थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा विवेचकों को वितरित किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एमडीटी के माध्यम से विवेचक अब घटनास्थल से ही डिजिटल साक्ष्य अपलोड कर सकेंगे। इसके साथ ही केस डायरी का रियल टाइम अपडेट, ऑनलाइन रिकॉर्ड तक पहुंच तथा वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल जानकारी भेजना भी संभव होगा। इससे विवेचना की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और वैज्ञानिक बनेगी।
उन्होंने बताया कि एमडीटी सामान्य स्मार्टफोन नहीं, बल्कि पुलिस कार्य के लिए विशेष रूप से विकसित सुरक्षित डिजिटल उपकरण है। इसमें विभागीय एप्लीकेशन और एन्क्रिप्टेड नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध है। इसके उपयोग से जांच के दौरान होने वाली अनावश्यक देरी कम होगी तथा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के सुरक्षित संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित