लखनऊ , मार्च 16 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को लखनऊ स्थित में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि हर व्यक्ति की समस्या का हर संभव समाधान किया जाएगा और किसी भी पीड़ित को न्याय पाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

जनसुनवाई के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक फरियादी की समस्या का त्वरित और संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जे और उत्पीड़न से जुड़े मामलों को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां जरूरत हो, वहां सख्त कार्रवाई भी की जाए ताकि लोगों को न्याय मिल सके।

जनता दर्शन में महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की शिकायतों को प्राथमिकता के साथ सुना गया। उपमुख्यमंत्री कई फरियादियों के पास स्वयं जाकर उनकी समस्याएं सुनते दिखाई दिए और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

उपमुख्यमंत्री ने शिकायतों के समाधान के लिए कई जिलों के अधिकारियों से सीधे फोन पर बातचीत भी की। उन्होंने बुलंदशहर, मिर्जापुर, अंबेडकरनगर, शामली, प्रतापगढ़ और फर्रुखाबाद के जिलाधिकारियों तथा संभल, चित्रकूट, ललितपुर, बदायूं, शामली, रायबरेली और बहराइच के पुलिस अधीक्षकों से बात कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित