नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के अध्यक्ष केशव चंद्रा तथा उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने सोमवार को यहां चाणक्यपुरी के शांति पथ में एनडीएमसी ट्यूलिप उत्सव-2026 का उद्घाटन किया।
श्री चंद्रा ने इस दौरान बताया कि ट्यूलिप के इतिहास, विभिन्न किस्मों तथा शांति पथ के आसपास स्थित स्मारकों के इतिहास पर आधारित एक प्रदर्शनी भी खिले हुए ट्यूलिपों के बीच आज प्रदर्शित की गयी है। उन्होंने कहा कि दूसरी बार एनडीएमसी ने एक लाख ट्यूलिप बल्बों के गमले तैयार कर उन्हें आम जनता के लिए बिक्री हेतु उपलब्ध कराया है। ये शांति पथ लॉन, लोधी गार्डन, नेहरू पार्क, तालकटोरा गार्डन, सेंट्रल पार्क तथा एनडीएमसी की नर्सरियों (सफदरजंग मदरसा, गुरुद्वारा पार्क, पुराना किला मार्ग आदि) में बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
श्री चंद्रा ने कहा कि वर्तमान में नयी दिल्ली के प्रमुख एनडीएमसी क्षेत्रों में लाल, सफेद, पीले, बैंगनी, गुलाबी, नारंगी तथा द्वि-रंगी ट्यूलिपों की आकर्षक छटा बिखरी हुई है। ये पुष्प सज्जाएं बड़ी संख्या में आगंतुकों को आकर्षित कर रही हैं और लगातार दूसरे वर्ष एनडीएमसी ने एक लाख गमले वाले ट्यूलिप पौधे सार्वजनिक बिक्री के लिए तैयार किये हैं।
इस अवसर पर एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में आम जनता से अत्यधिक सराहना प्राप्त होने के बाद एनडीएमसी गर्व के साथ ट्यूलिप उत्सव के चौथे संस्करण का आयोजन कर रही है, जो नयी दिल्ली में भव्य पुष्प सज्जा के माध्यम से बसंत ऋतु का स्वागत कर रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित