भरतपुर , जुलाई 19 -- राजस्थान में भरतपुर में पानी की कमी की वजह से अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भरतपुर के केवलादेव घना पक्षी विहार के अस्तित्व को बचाने के लिए पर्यावरणविदों, पर्यटन व्यासायियों और रिक्शा यूनियन ने रविवार को राष्ट्रीय उद्यान पर धरना प्रदर्शन करके पांचना बांध के पानी की मांग की गयी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि घना पक्षी विहार में पानी की कमी के चलते कछुए और मछलियां मर रही हैं। प्रवासी पक्षी भी यहां अधिक समय तक नहीं रुक पा रहे हैं। घना पक्षी विहार के लिए पांचना बांध का प्राकृतिक पानी ही सबसे उपयुक्त है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में गुरुग्राम नहर से छोड़ा गया पानी दूषित था जिससे उद्यान की जैव विविधता और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र प्रभावित हुआ है। बताया गया कि हाल ही में आए गुलाबी फ्लेमिंगो का दल भी मात्र दो दिन रुककर लौट गया। पांचना के प्राकृतिक पानी में मिलने वाले छोटे जलीय जीव और वनस्पतियां ही प्रवासी पक्षियों के भोजन और प्रजनन के लिए आवश्यक हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित