तिरूवनंतपुरम , अप्रैल 07 -- कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केरल में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार पर हमला करते हुए पिछले दस वर्षों के शासन को "विफल अवसरों की कहानी" बताया।

सुश्री वाड्रा ने कलपेट्टा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य भारी कर्ज, बढ़ती बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जूझ रहा है, जबकि जनता की समस्याओं के समाधान में राज्य एवं केंद्र दोनों सरकारें विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि वायनाड की समस्याओं को उठाने के बावजूद एलडीएफ सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उन्होंने भाजपा और एलडीएफ के बीच अंदरूनी समझौते का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई होती है, लेकिन राज्य सरकार के खिलाफ एजेंसियां निष्क्रिय हैं।

उन्होंने मानव-पशु संघर्ष, किसानों की बदहाली और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने संयुक्त लोकतांत्रिक माेर्चा (यूडीएफ) की ओर से मुआवजा बढ़ाने, फसल बीमा, और विशेषज्ञ समिति गठित करने जैसे समाधान सुझाए। उन्होंने बुनियादी ढांचे और पुनर्वास कार्यों में देरी पर भी सवाल उठाए और वायनाड में ट्राइबल यूनिवर्सिटी स्थापित करने का वादा किया। अंत में उन्होंने मतदाताओं से यूडीएफ उम्मीदवारों को समर्थन देने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित