नयी दिल्ली/तिरुवनंतपुरम , मई 18 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा पार्टी के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी केरल में कांग्रेस नीत सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए सोमवार को तिरुवनंतपुरम पहुंचे।
कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं का तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर पहुंचने पर प्रदेश कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
केरल में कांग्रेस नीत गठबंधन संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चो (यूडीएफ) की सरकार आज शपथ ले रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता वी. डी. सतीशन राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। उनके साथ 20 सदस्यीय मंत्रिपरिषद भी शपथ ग्रहण करेगी। समारोह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है।
राज्य विधानसभा के हाल में हुए चुनाव में यूडीएफ ने 140 सदस्यीय सदन में 102 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की 10 वर्ष पुरानी सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया। इस जीत के साथ कांग्रेस नीत गठबंधन एक दशक बाद फिर से राज्य की सत्ता में वापसी कर रहा है। बहुमत के लिए 71 सीटों की जरूरत होती है।
यूडीएफ, कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन है, जिसमें कांग्रेस के अलावा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग, केरल कांग्रेस और अन्य सहयोगी दल शामिल हैं। चुनाव में गठबंधन की निर्णायक जीत के बाद वी. डी. सतीशन को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया और मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल गोपाल, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित कई वरिष्ठ नेता तथा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हो रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित