नयी दिल्ली , मार्च 15 -- केरल की सभी 140 विधानसभा सीटों के लिए एक चरण में नौ अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। मतगणना चार मई को होगी तथा उसी दिन परिणाम घोषित कर दिये जायेंगे।

चुनाव आयोग ने यहां रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की।इसके अनुसार राज्य के लिये चुनाव की अधिसूचना 16 मार्च को जारी होगी और इसी दिन से नामांकन पत्र दाखिल करने शुरू हो जाएंगे। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है, जिसके बाद 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। उम्मीदवार 26 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

कुल 140 सीटों में से 14 सीटें अनुसूचित जाति के लिए और दो सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं।

राज्य की मतदाता सूची के अनुसार केरल में कुल 2,71,06,059 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें सामान्य मतदाताओं की संख्या 2,70,52,007 है, जबकि सर्विस वोटर्स की संख्या 54,052 है। इस बार लोकतांत्रिक प्रक्रिया में 273 थर्ड जेंडर मतदाता भी अपनी भागीदारी दर्ज कर सकेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित