नयी दिल्ली , मई 04 -- लोकसभा नेता विपक्ष नेता राहुल गांधी ने केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की जीत के बाद राज्य की जनता का आभार जताया है।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में लिखा, " केरल के लोगों को धन्यवाद।" उन्होंने इस जीत को "निर्णायक जनादेश" बताया और कहा कि केरल की जनता ने जिस विश्वास के साथ यूडीएफ को चुना है, वह जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। उन्होंने चुनाव अभियान में जुटे सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए इसे एक कठिन लेकिन सुव्यवस्थित अभियान बताया। उन्होंने आगे कहा कि केरल में प्रतिभा और अपार संभावनाएं हैं, और अब यूडीएफ सरकार के पास एक स्पष्ट विज़न है, जिसके जरिए इन क्षमताओं का सही उपयोग किया जाएगा।
श्री गांधी ने यह भी कहा कि वह जल्द ही केरल जाकर अपने "केरल परिवार" से मिलने के लिए उत्सुक हैं।
गौरतलब है कि केरल में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली सरकार को करारी हार का सामना करना पड़ा है। मतगणना के मौजूदा रुझानों के मुताबिक कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ ने केरल में अच्छी-खासी बढ़त बना ली है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित