तिरुवनंतपुरम , अप्रैल 01 -- केरल में आगामी विधानसभा चुनावों में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के प्रयास में ऊबर इंडिया ने एक विशेष पहल की घोषणा की है, जिसके तहत नौ अप्रैल को मतदान के दिन तिरुवनंतपुरम और एर्नाकुलम जिलों में मतदाताओं को लाने, ले जाने के लिए ऊबर निःशुल्क सेवा देगा।
यह पहल केरल के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के सहयोग से लागू की जा रही है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिवहन के अभाव के कारण नागरिक अपना वोट डालने से वंचित न रहें।
इस योजना के अंतर्गत, मतदाता अपने संबंधित मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए ऊबर ऐप के माध्यम से निःशुल्क यात्रा का लाभ उठा सकते हैं। यह प्रस्ताव कारों, ऑटो और दुपहिया वाहनों सहित सभी श्रेणियों की यात्रा पर लागू है। पिकअप स्थान से मतदान केंद्र तक दो किलोमीटर की दूरी तक की यात्रा पूरी तरह से निःशुल्क होगी। दो किलोमीटर से अधिक की दूरी के लिए, उपयोगकर्ताओं को ऊबर की निर्धारित दरों के अनुसार मानक किराया देना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित