तिरुवनंतपुरम , मई 20 -- केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने बुधवार को मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन के नेतृत्व वाली नवनिर्वाचित कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट सरकार के मंत्रियों के विभागों के आवंटन को मंजूरी दे दी ।

मुख्यमंत्री सतीशन ने वित्त, कानून, सामान्य प्रशासन, बंदरगाह, हवाई अड्डा और मेट्रो रेल सहित कई महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखे हैं। वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला को गृह मंत्रालय की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे सतर्कता, जेल, दमकल व बचाव सेवाएं और जूट विभाग भी संभालेंगे।

कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं के. मुरलीधरन को स्वास्थ्य और देवस्वम, ए. पी. अनिल कुमार को राजस्व और सन्नी जोसेफ को बिजली, पर्यावरण और संसदीय कार्य मंत्रालय दिया गया है। अन्य कांग्रेस मंत्रियों में बिंदु कृष्णा (श्रम और महिला एवं बाल कल्याण), एम. लीजू (सहकारिता और आबकारी), पी. सी. विष्णुनाथ (पर्यटन, संस्कृति और सिनेमा), टी. सिद्दीकी (कृषि), रोजी एम. जॉन (उच्च शिक्षा), ओ. जे. जनीश (खेल, युवा कल्याण और पंजीकरण) और के. ए. तुलसी (पिछड़ा कल्याण) शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित