तिरुवनंतपुरम , अगस्त 26 -- केरल उत्पाद शुल्क विभाग ने ओणम के मौसम के दौरान राज्य भर में अपने अभियानों को तेज कर दिया है जिसके तहत शराब, मादक पदार्थों और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों से जुड़े अपराधों के लिये आठ हजार 241 मामले दर्ज किये गये हैं और 36 हजार 633 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उत्पाद शुल्क विभाग के अनुसार ओणम उत्सव के दौरान विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया जिसके तहत ये गिरफ्तारियां और मामले दर्ज किये गये हैं। यह अभियान एक से 31 अगस्त तक शराब और मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध भंडारण और बिक्री को रोकने और एक सुरक्षित त्योहारी मौसम सुनिश्चित करने के लिये चलाया जा रहा है।
विभाग ने मादक पदार्थों और शराब के प्रमुख अड्डों, शराब भंडारण के संदिग्ध स्थानों, आदतन अपराधियों के छिपने के ठिकानों, अवैध शराब भंडारण केंद्रों और अवैध शराब उत्पादन के लिये संवेदनशील क्षेत्रों में अकस्मात् छापे और निरीक्षण तेज कर दिये हैं। ऑपरेशन थंडर के तहत मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई भी जारी है।
वहीं कोझिकोड के पंथीरंकावु टोल प्लाजा के पास से 3.3 किलोग्राम एमडीएमए जब्त की गयी है जिसकी विशेष जांच तेज कर दी गयी है। इस मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार चल रहे नाइजीरियाई नागरिक इमैनुअल अफाम के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया है।
उत्पाद शुल्क अधिकारियों ने हाल ही में चलाए गये अभियानों में, एर्नाकुलम जिले में 281 ग्राम से अधिक एमडीएमए और वालयार में 142 ग्राम मेथामफेटामीन जब्त किया।
वन, रेलवे और पुलिस विभागों के समन्वय से संयुक्त छापेमारी और निरीक्षण अभियान भी मजबूत किये गये हैं। आबकारी विभाग की एक टीम ने गुरुवार को अट्टापडी में वन क्षेत्र का निरीक्षण किया। आबकारी विभाग ने निरीक्षण के दौरान 2,373 पौधों वाले भांग के बागान का पता लगाया और उसे नष्ट कर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित