कोच्चि , अक्टूबर 25 -- केरल ब्लास्टर्स एफसी ने मुख्यमंत्री वी. डी. सतीसन, राज्य के मंत्रियों, चुने गए प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों का आभार जताया है। इन सभी ने कोच्चि स्थित जवाहरलाल नेहरू इंटरनेशनल स्टेडियम को क्लब के इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) होम मैच के लिए आवंटित कराने में मदद की।
क्लब ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बयान जारी कर स्टेडियम उपलब्ध कराने में मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए उन्हें धन्यवाद दिया। साथ ही स्थानीय स्वशासन मंत्री के. एम. शाजी का भी आभार जताया, जिन्होंने तय समय सीमा के भीतर जरूरी अनुमतियां दिलाने में मदद की।
क्लब ने खेल और युवा मामलों के मंत्री ओ. जे. जनीश को उनके सहयोग के लिए और थ्रिक्काकारा के विधायक टी.जे. विनोद को पूरी प्रक्रिया के दौरान मिले मार्गदर्शन और सहायता के लिए धन्यवाद दिया।
केरल ब्लास्टर्स ने विधायक अनवर सादात, सांसद हिबी ईडेन, विधायक चांडी ओमेन, कोच्चि की मेयर वी. के. मिनिमोली,ग्रेटर कोचीन विकास प्राधिकरण के सचिव जोसेफ के. एफ. और केरल पुलिस का भी आभार व्यक्त किया। इन सभी नेजरूरी औपचारिकताओं को पूरा करने और आवश्यक व्यवस्थाएं करने में सहयोग दिया।
क्लब ने कहा कि प्रतिनिधियों और अधिकारियों के आपसी तालमेल और प्रयासों की बदौलत ही यह मैच योजना के अनुसार आयोजित हो सका। केरल ब्लास्टर्स ने अपने समर्थकों को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने इस पूरी अवधि के दौरान धैर्य बनाए रखा, स्थिति को समझा और लगातार अपना समर्थन दिया। क्लब ने अपने प्रशंसकों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वे कोच्चि के स्टेडियम में उनका फिर से स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित