नारायणपुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में आज केरल ने शानदार वापसी करते हुए मिजोरम को 4-2 से पराजित कर स्वामी विवेकानंद अंडर-20 पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। रामकृष्ण मिशन आश्रम ग्राउंड में बुधवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में केरल ने पहले हाफ में दो गोल से पिछड़ने के बाद दूसरे हाफ में लगातार चार गोल दागकर मैच का रुख पलट दिया।
करीब 40 डिग्री सेल्सियस तापमान के बीच खेले गए इस मुकाबले को देखने के लिए लगभग 1500 दर्शक मैदान में मौजूद रहे। मैच के पहले हाफ में मिजोरम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए तेज पासिंग और बेहतर तालमेल के दम पर 2-0 की बढ़त बना ली। मिजोरम के फॉरवर्ड खिलाड़ियों के लगातार हमलों के सामने केरल की रक्षापंक्ति संघर्ष करती नजर आई।
हालांकि मध्यांतर के बाद केरल ने जबरदस्त वापसी की। टीम ने नई रणनीति और तेज आक्रमण के सहारे मिजोरम के डिफेंस को पूरी तरह भेद दिया। दूसरे हाफ में केरल के खिलाड़ियों ने लगातार चार गोल कर मुकाबला 4-2 से अपने पक्ष में कर लिया। केरल के आक्रामक खेल के सामने मिजोरम की टीम दूसरे हाफ में बेबस नजर आई।
फाइनल मुकाबले के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप, रामकृष्ण मठ एवं मिशन के ट्रस्टी स्वामी सर्वभूतानंद, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के कार्यकारी महासचिव सत्यनारायण, एग्जीक्यूटिव मेंबर मोहनलाल तथा भारतीय अंडर-23 पुरुष फुटबॉल टीम के मुख्य कोच नौशाद मूसा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव डॉ. जी.डी. गांधी, नारायणपुर कलेक्टर नम्रता जैन (आईएएस), पुलिस अधीक्षक रॉबिनसन गुरिया (आईपीएस) और बीएसएफ कमांडेंट रुपिंदर भारद्वाज ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित