तिरुवनंतपुरम , मार्च 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को आगामी केरल विधानसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी।

प्रदेश भर में अपनी चुनावी पैठ मजबूत करने की रणनीति के तहत पार्टी ने वरिष्ठ नेता कुम्मनम राजशेखरन को आरणमुला और अश्विनी एमएल को कासरगोड से चुनाव मैदान में उतारा है।

मिजोरम के पूर्व राज्यपाल और प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके कुम्मनम राजशेखरन, आरणमुला के जरिये सक्रिय चुनावी राजनीति में वापसी कर रहे हैं। मध्य त्रावणकोर के इस चुनाव क्षेत्र को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। उनकी उम्मीदवारी को पार्टी के पारंपरिक आधार को मजबूत करने और क्षेत्र में अपनी दावेदारी बढ़ाने के सोचे-समझे कदम के रूप में देखा जा रहा है। केरल के सबसे उत्तरी जिले कासरगोड में भाजपा ने अश्विनी एमएल को नामांकित किया है, जो उन प्रमुख सीटों पर प्रभाव बढ़ाने की कोशिश को दर्शाता है जहां पार्टी बढ़त हासिल करने की उम्मीद कर रही है।

पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की मंजूर की गयी इस दूसरी सूची में अनुभवी नेताओं और नये चेहरों का मिश्रण देखने को मिलता है। यह नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की संभावनाओं को बेहतर बनाने की सधी कोशिश मानी जा रही है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार उम्मीदवारों के चयन में जीत की संभावना, क्षेत्रीय संतुलन और जमीनी स्तर की संगठनात्मक इकाइयों से मिले फीडबैक को आधार बनाया गया है। इस सूची में प्रदेश भर के 39 उम्मीदवार शामिल हैं। कन्नूर जिले में कल्लियासेरी से ए.वी. सनिल कुमार, तलिपरंबा से एन हरिदास, धर्मदम से के. रंजित और थालास्सेरी से ओ निधीश को मैदान में उतारा गया है। मलप्पुरम में उम्मीदवारों में कोंडोटी से पी. सुब्रमण्यम, एर्नाड से एडवोकेट एन. श्रीप्रकाश, मंजेरी से पद्मश्री एम, मलप्पुरम से अश्वती गुप्ता कुमार और वेंगारा से जयकृष्णन वी एन शामिल हैं।

त्रिशूर और एर्नाकुलम क्षेत्रों में भाजपा ने गुरुवयूर से अधिवक्ता बी. गोपालकृष्णन, वडक्कनचेरी से अधिवक्ता टी.एस. उल्लास बाबू, ओल्लूर से बिजोय थॉमस, अलुवा से एम.ए. ब्रह्मराज और एर्नाकुलम से पीआर शिवशंकर को नामांकित किया है। मध्य त्रावणकोर से बी. राधाकृष्ण मेनन चंगनासेरी से चुनाव लड़ेंगे, जबकि एम.जे. जोब को अलाप्पुझा के लिए नामित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित