कोच्चि , सितंबर 25 -- केरल की अनूठी पर्यटन क्षमताओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में अगले पांच वर्षों में 50 लाख विदेशी पर्यटकों के आगमन का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान घरेलू पर्यटकों की संख्या बढ़ाकर 10 करोड़ करने का लक्ष्य तय किया गया है।

उन्होंने कल रात यहां देश के प्रमुख पर्यटन एवं व्यापार कार्यक्रमों में से एक 'केरल ट्रैवल मार्ट' (केटीएम 2026) के 13वें संस्करण का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कही। श्री सतीशन ने कहा, "वर्ष 2025 में केरल में 8,21,999 विदेशी पर्यटक आये, जो 2024 की तुलना में 11.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। वहीं घरेलू पर्यटकों का आंकड़ा 12.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 2,50,58,366 तक पहुंच गया।"समारोह की अध्यक्षता राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री पी.सी. विष्णुनाध ने की। इस अवसर पर सहकारिता एवं आबकारी मंत्री एम लीजु मौजूद थे।

पारिस्थितिकी पर्यटन की संभावनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को केरल की अनूठी विशेषताओं के रूप में वन पर्यटन, जंगल लॉज और ट्रेकिंग जैसे क्षेत्रों को सतत तरीके से बढ़ावा देना होगा। उन्होंने कहा, "हम सभी बंदरगाहों को जोड़ना चाहते हैं और पूरे केरल को बंदरगाह शहर के रूप में विकसित करना चाहते हैं। इससे कम से कम 50 प्रतिशत लॉजिस्टिक्स को समुद्री मार्ग पर स्थानांतरित किया जा सकता है।"बंदरगाह विकास को पर्यटन का प्रमुख घटक बताते हुए श्री सतीशन ने कहा कि सरकार ने कोचीन बंदरगाह को क्रूज टर्मिनल स्थापित करने की मंजूरी दे दी है, जबकि कोझिकोड में एक अन्य टर्मिनल का काम प्रक्रिया में है। दूसरे चरण में क्रूज सेवा का विस्तार केरल की 44 नदियों तक किया जायेगा।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि कोच्चि हवाई अड्डे के पास एक अंतरराष्ट्रीय वैश्विक सम्मेलन केंद्र बनाया जायेगा। केरल के समुद्री इतिहास का उल्लेख करते हुए उन्होंने शहर में एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री संग्रहालय और एक ओशनेरियम (पारदर्शी मार्ग, जिस पर चलने से ऐसा महसूस होता है कि समुद्र में चल रहे हैं) स्थापित करने की घोषणा की।

श्री विष्णुनाध ने अपने संबोधन में कहा कि केटीएम वैश्विक यात्रा समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरा है। एक ऐसी जगह, जहां बाजार विचारों से मिलते हैं, व्यवसाय अवसरों से जुड़ते हैं और पर्यटन स्थल उन लोगों तक पहुंचते हैं, जो उन्हें दुनिया के सामने ले जाते हैं। मंत्री ने कहा कि 3,000 से अधिक खरीदार पंजीकरण और 400 से अधिक विक्रेता स्टालों के रिकॉर्ड आंकड़े के साथ केटीएम 2026 केरल पर्यटन उद्योग के लिए सबसे बड़ा विपणन मंच बनने जा रहा है।

वर्ष 2025 में केरल आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में 11.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है, जबकि घरेलू पर्यटकों के आगमन में 12.64 प्रतिशत की मजबूत बढ़त देखी गयी। श्री विष्णुनाध ने कहा कि नये पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार 100 स्थलों पर पर्यटन बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, जिससे केरल के अधिक से अधिक क्षेत्रों को पर्यटन का लाभ मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित