कन्नूर , मार्च 17 -- केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने मंगलवार को आगामी नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अपने चुनाव प्रचार अभियान की आधिकारिक शुरुआत कर दी।

श्री विजयन उत्तरी केरल की धर्मदम विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।वह आज दोपहर करीब तीन बजे कन्नूर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे और वहां से मट्टनूर से अपने गृह नगर पिनराई तक रोड शो किया, जो शाम करीब पांच बजे समाप्त हुआ। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारे लगाकर उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने सभा को संबोधित नहीं किया और केवल समर्थकों का अभिवादन किया।

इस बीच वह कुछ समय के लिए कार से उतरकर जिला सचिव के. के. रागेश और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ पैदल भी चले। इस मौके पर उनकी पत्नी वीना विजयन भी मौजूद थीं। इसके बाद वह शाम करीब 5:30 बजे घर लौट गए।

यह सातवां मौका है जब भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के पोलित ब्यूरो सदस्य पिनराई विजयन विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने 25 वर्ष की आयु में कूथुपरंबा सीट से पहली जीत दर्ज की थी और सबसे युवा विधायकों में शामिल हुए थे। वे 1970, 1977 और 1991 (कुथुपरंबा), 1996 (पय्यानूर) और 2016 व 2021 (धर्मदम) से चुनाव जीत चुके हैं। पिछले चुनाव में विजयन ने धर्मदम सीट पर 50,123 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। उन्हें 95,522 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार सी. रघुनाथ को 45,399 और भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार सी. के. पद्मनाभन को 14,623 वोट मिले थे।

गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व नेता सी. रघुनाथ, जो डीसीसी के महासचिव और केपीसीसी सदस्य रह चुके हैं, दिसंबर 2023 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे। अब वे 2026 के विधानसभा चुनाव में कन्नूर सीट से बीजेपी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित