कन्नूर , अक्टूबर 01 -- केरल में डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने राज्य के मंत्री और प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष ओजी जनीश की सरकारी गाड़ी पर गुरुवार को कई जगहों पर कथित तौर पर हमला किया।
यह घटना डीवाईएफआई नेता एवं विधायक विजिन की उस चेतावनी के कुछ ही देर बाद हुई जिसमें उन्होंने कहा था कि संगठन इस मुद्दे पर सड़कों पर उतरकर विरोध करेगा।
यह घटना तब हुई जब जनीश कन्नूर में पुरातत्व विभाग के एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कासरगोड जा रहे थे। पहली घटना तालिपरम्बा के कुप्पम में हुई जहां डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर गाड़ी को रोका और उस पर पत्थर और हाथों से हमला किया, जिससे गाड़ी का झंडा लगाने वाला पोल और रेन गार्ड क्षतिग्रस्त हो गये। मंत्री के साथ मौजूद पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए हस्तक्षेप किया।
कन्नूर से गुज़रते समय गाड़ी को कई अन्य जगहों पर विरोध का सामना करना पड़ा। तालिपरम्बा और पय्यानूर सहित पाँच जगहों पर कथित हमले की खबरें मिलीं। पय्यानूर पार करने के तुरंत बाद कार पर पत्थर फेंके गये, जिससे गाड़ी के अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गये।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बार-बार हो रहे हमले पुलिस की सुरक्षा में गंभीर चूक की ओर इशारा करते हैं।
ये घटनाएं तिरुवनंतपुरम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और भाजपा के खिलाफ युवा कांग्रेस के मार्च के दौरान यूथ कांग्रेस और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प के एक दिन बाद हुईं। इस मार्च का नेतृत्व जनीश और कांग्रेस सांसद शफी परमबिल ने किया था।
जनीश ने आरोप लगाया कि एसएफआई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों पर बीयर की बोतल फेंककर और कांग्रेस के शांतिपूर्ण प्रदर्शन में बाधा डालने की कोशिश करके जानबूझकर हिंसा भड़कायी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित