कोच्चि , मई 12 -- कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (सीआईएल) क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बेहतर बनाने और द्वीपों पर पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए केरल के कोच्चि और लक्षद्वीप के विभिन्न द्वीपों के बीच सीप्लेन सेवा का परीक्षण शुरू करने जा रहा है।
सीप्लेन का यह परीक्षण बुधवार से शुरू होने वाला है। इस परीक्षण का मुख्य उद्देश्य द्वीपों के लिए नियमित सीप्लेन सेवाएं शुरू करने की संभावनाओं और परिचालन व्यवहार्यता की जांच करना है।
इस परीक्षण के लिए 'स्काईहोप एविएशन लिमिटेड' कंपनी के 20 सीटों वाले 'ट्विन ओटर' सीप्लेन विमान का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रस्तावित रूट में कोच्चि-अगत्ती-कलपेनी-कवरत्ती और कोच्चि-कदमत-किल्टन-अगत्ती सेक्टर शामिल हैं।
इसके तहत तीन दिनों की अवधि में कुल 12 परीक्षण उड़ानें संचालित करने की योजना है, जो लक्षद्वीप के कई द्वीपों को कवर करेंगी। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए), भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और लक्षद्वीप प्रशासन इस पहल में सीआईएएल के साथ तालमेल बिठा रहे हैं ताकि परीक्षण सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित