लखनऊ , अक्टूबर 17 -- केरल की रहने वाली अरुंधति के जीवन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक वीडियो से मिली सीख ने नई दिशा दी। बचपन में अपनी भावुकता और छोटी-छोटी बातों पर रो पड़ने को कमजोरी मानने वाली अरुंधति ने योगी आदित्यनाथ के एक वीडियो से सीखा कि भावुक होना कमजोरी नहीं है, बल्कि अपनी भावनाओं को स्वीकार करने के लिए साहस की आवश्यकता होती है।
वर्षों बाद भी यह सीख अरुंधति के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनी हुई है। अब जब वह अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करने जा रही हैं, तो उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दो पन्नों का हस्तलिखित भावुक पत्र लिखकर अपनी शादी में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री से नवविवाहित दंपति को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है।
अरुंधति के पत्र में शादी का निमंत्रण तो है ही, इसके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति उनकी गहरी कृतज्ञता और सम्मान की भावना भी दिखाई देती है। अरुंधति ने अपने पत्र में बचपन की उन यादों को साझा किया है, जब वह छोटी-छोटी बातों पर भावुक होकर रो पड़ती थीं। उस समय उन्हें लगता था कि उनका इस तरह भावुक होना उनकी कमजोरी है। उनके कुछ दोस्त भी उनसे कहते थे कि मजबूत बनने के लिए अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रखना जरूरी है।
धीरे-धीरे अरुंधति के मन में यह सवाल उठने लगा कि क्या आसानी से रो पड़ने वाला व्यक्ति वास्तव में मजबूत हो सकता है। क्या अपनी भावनाओं को व्यक्त करना शर्म की बात है। इस दौरान उनके एक रिश्तेदार ने उन्हें योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया। वीडियो में योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आ रहे थे। उनके रिश्तेदार ने अरुंधति को समझाया कि उन्हें योगी आदित्यनाथ से प्रेरणा लेनी चाहिए-एक ऐसा व्यक्ति जो गहराई से भावुक होने के बावजूद बेहद मजबूत है।
इस वीडियो ने अरुंधति को अपनी भावनाओं को एक नए नजरिए से देखने में मदद की। उन्होंने समझा कि आंसू किसी व्यक्ति की कमजोरी का प्रमाण नहीं होते। इसके बजाय भावनात्मक संवेदनशीलता इंसान की करुणा और मानवीयता की स्वाभाविक अभिव्यक्ति हो सकती है।
इस अनुभव ने उनके भीतर चल रहे उस संघर्ष को खत्म करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें वह अपनी भावुकता को कमजोरी समझती थीं। उन्होंने महसूस किया कि मजबूत होने का अर्थ हर परिस्थिति में अपनी भावनाओं को दबाना नहीं है। उनके अनुसार, कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए खुद पर विश्वास बनाए रखना, किसी असफलता या झटके के बाद दोबारा खड़े होना, चुनौतियों के बीच आगे बढ़ना और अपनी जिम्मेदारियों को निभाना ही वास्तविक साहस है।
अरुंधति ने अपने पत्र में लिखा, "जब भी मुझे खुद पर संदेह होता है, आप मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।" अरुंधति का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति सम्मान केवल उनके सार्वजनिक जीवन तक सीमित नहीं है। वह उनके जीवन और संघर्ष को मेहनत, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास का संदेश मानती हैं। उनके लिए बचपन में एक वीडियो से मिली सीख आत्मविश्वास की ऐसी नींव बन गई, जिससे वह आज भी प्रेरणा लेती हैं।
अपने पत्र में अरुंधति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बड़े भाई के समान बताया है। उन्होंने लिखा, "मेरे लिए आप केवल एक नेता से कहीं अधिक हैं। मैंने हमेशा आपको एक बड़े भाई के रूप में देखा है, जिनकी यात्रा ने मुझे साहस और प्रेरणा दी है।"अरुंधति और राहुल का विवाह 20 दिसंबर 2026 को केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में प्रस्तावित है। इसी अवसर पर अरुंधति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शादी समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भेजा है।
अरुंधति ने मुख्यमंत्री के व्यस्त कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए पत्र में यह भी लिखा है कि यदि वह व्यक्तिगत रूप से विवाह समारोह में शामिल नहीं हो पाते हैं, तो उनका शुभकामना संदेश और आशीर्वाद भी उनके लिए बेहद अनमोल होगा। अरुंधति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्होंने उन्हें एक महत्वपूर्ण जीवन-पाठ सिखाया-अपनी भावनाओं को कमजोरी समझने के बजाय उन्हें स्वीकार करना।
उनके लिए यह सीख महज बचपन की एक घटना नहीं, बल्कि जीवन को देखने का नजरिया बदलने वाला अनुभव बन गई। अब अपनी शादी के इस खास अवसर पर वह उसी प्रेरणा देने वाले व्यक्ति का आशीर्वाद प्राप्त करना चाहती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित