चेन्नई , मई 30 -- भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार अगले 4-5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में आगे बढ़ने की पूरी संभावना है।
उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु के चेन्नई समेत कई जिले अभी भी भीषण लू की चपेट में हैं। राज्य के 16 जिलों में तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चेन्नई के उपनगरीय इलाके में स्थित मीनांबक्कम वेधशाला भी सूरज की तपिश से बेहाल रही। भीषण गर्मी के इस मौसम के दौरान चेन्नई में तापमान इस मौसम के उच्चतम स्तर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। हवा में नमी का उच्च स्तर उनकी मुश्किलों को और बढ़ा रहा है।
पिछले शनिवार को मौसम के मिजाज में अचानक आए बदलाव के कारण एक दिन तेज हवाएं चलीं और धूल भरी आंधी आई, जिससे तापमान में काफी गिरावट आई और मौसम में ठंडक घुल गई लेकिन उस एक दिन को छोड़कर भीषण गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। राज्यभर में कम से कम 15 जिले इस भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रहे हैं, जबकि पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी घाट, दक्षिणी और आंतरिक जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश हो रही है। यह सिलसिला अगले 4-5 दिनों तक जारी रहने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित