कोच्चि , मार्च 02 -- पूरे केरल को झकझोर देने वाले क्रूर वर्कला ट्रेन हमले में पीड़ित युवती श्रीकुट्टी को महीनों की गहन चिकित्सा देखभाल और पुनर्वास के बाद सोमवार को अमृता अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी।

तिरुवनंतपुरम जिले के पालोड की रहने वाली श्रीकुट्टी अब घर लौट रही हैं। इससे पता चलता है कि वह अपनी जानलेवा चोटों से उबर रही हैं।

घटना के तुरंत बाद श्रीकुट्टी को पहले तिरुवनंतपुरम के सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गंभीर स्थिति के मद्देनजर उन्हें बाद में पिछले साल 25 दिसंबर को विशेष उपचार के लिए अमृता अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया था।

जब वह कोच्चि पहुंचीं तो वह बेहोश थीं और मस्तिष्क की गंभीर चोट के कारण सांस लेने में कठिनाई हो रही थी। उनके बायें कंधे में भी गंभीर चोट आयी थी।

उनका उपचार भौतिक चिकित्सा और पुनर्वास (पीएमआर) विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. रवि शंकरन, डॉ. आनंद राजा और विशेषज्ञों की एक बहु-विषयक टीम के नेतृत्व में किया गया। डॉक्टरों ने सांस लेने में आसानी के लिए 'ट्रैकियोस्टोमी' की और उनके महत्वपूर्ण चरण के दौरान पोषण संबंधी सहायता बनाये रखने के लिए एक भोजन नली लगायी।

अगले कुछ हफ्तों में उन्होंने एक गहन न्यूरो-पुनर्वास कार्यक्रम का पालन किया, जिसमें ऑक्सीजन थेरेपी, श्वसन व्यायाम, निगलने की थेरेपी, संज्ञानात्मक उत्तेजना और श्रेणीबद्ध गतिशीलता प्रशिक्षण शामिल था।

ईएनटी, नेत्र विज्ञान, अस्थि रोग, न्यूरोलॉजी, एंडोक्रिनोलॉजी और गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के विशेषज्ञों ने व्यापक देखभाल सुनिश्चित करने के लिए समन्वित प्रयास शुरू किया। धीरे-धीरे श्रीकुट्टी ने उपचार पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया और महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं जैसे बिना उपकरण की सहायता के खुद से सांस लेने की क्षमता वापस पाना, खुद से खाना, चलना और बोलना।

अस्पताल में लंबे समय तक रहने के दौरान उनके साथ उनकी मां प्रिया बिस्तर के पास रहीं और उन्होंने निरंतर भावनात्मक समर्थन दिया। पालोड में उनके परिवार और शुभचिंतक बेसब्री से सकारात्मक समाचार का इंतजार कर रहे थे। अस्पताल से छुट्टी मिलने की खबर से उनके घर में अपार राहत और खुशी आयी है।

बेहतर उपचार के लिए कोच्चि में उनका स्थानांतरण केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के सीधे हस्तक्षेप के बाद हुआ था। माता अमृतानंदमयी मठ ने उपचार का पूरा खर्च उठाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित