कन्नूर , मार्च 31 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता कांग्रेसी सांसद राहुल गांधी ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि केरल विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) की जीत हो।
कन्नूर पुलिस मैदान में जिले के 11 कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) उम्मीदवारों के लिए एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा और वामपंथी दलों के बीच साठगांठ है।
राहुल गांधी ने कहा कि वामपंथी दल का 'अति-दक्षिणपंथी' ताकत के साथ गठबंधन करना 'आश्चर्यजनक' है। उन्होंने केरल में माकपा-भाजपा के बीच अभूतपूर्व साझेदारी का आरोप लगाया। उन्होंने इस चुनाव को यूडीएफ की विचारधारा बनाम एलडीएफ और भाजपा की संयुक्त ताकतों के बीच की लड़ाई बताया। उन्होंने आगे दावा किया कि मोदी एलडीएफ की जीत को प्राथमिकता देते हैं, क्योंकि भाजपा यूडीएफ सरकार को प्रभावित नहीं कर सकती। उन्होंने तर्क दिया कि राष्ट्रीय स्तर पर केवल कांग्रेस ही प्रभावी ढंग से भाजपा को चुनौती दे रही है।
कथित गठबंधन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा कि वामपंथी दल अपनी वैचारिक मान्यताओं को छोड़कर भाजपा से हाथ कैसे मिला सकते हैं? उन्होंने तालिपराम्बा और पय्यनूर में यूडीएफ समर्थित निर्दलीय उम्मीदवारों के रूप में चुनाव लड़ रहे दिग्गज माकपा नेताओं टीके गोविंदन और वी कुन्हीकृष्णन का उदाहरण दिया।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि माकपा-भाजपा दोनों 'कॉर्पोरेट पार्टियां' बन गयी हैं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मोदी को प्रभावित करते हैं, जो बदले में केरल की एलडीएफ सरकार को प्रभावित करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रचार के तरीके की आलोचना करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वे मंदिरों और धर्म पर ध्यान केंद्रित करते हैं, लेकिन केरल दौरे के दौरान सबरीमला स्वर्ण चोरी जैसे मुद्दों से बचते हैं।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन शायद ही कभी श्री मोदी की आलोचना करते हैं, बल्कि इसके बजाय उन्हें निशाना बनाते हैं।
यूडीएफ के वादों को दोहराते हुए राहुल गांधी ने पांच प्रमुख गारंटियों की घोषणा की, जिनमें महिलाओं के लिए केएसआरटीसी बसों में मुफ्त यात्रा, महाविद्यालय जाने वाली छात्राओं के लिए 1000 रुपये मासिक छात्रवृत्ति, युवा स्टार्टअप के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण और सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 3000 रुपये करना शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित