तिरुवनंतपुरम , जून 18 -- केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने राज्य अग्निशमन एवं बचाव सेवाओं के व्यापक आधुनिकीकरण की घोषणा करते हुये इस पहल के तहत आपदा प्रबंधन और जन सुरक्षा अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सेवानिवृत्त रक्षा कर्मियों में से 1,000 होम गार्ड्स की भर्ती की जाएगी।
श्री चेन्निथला ने राज्य अग्निशमन और बचाव सेवा मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद बुधवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राज्य में आपदा जोखिमों के बढ़ते मामलों और सार्वजनिक सुरक्षा जरूरतों के मद्देनजर अवकाशप्राप्त कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और दूसरे आपातकालीन कामों के लिए तैनात किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार अग्निशमन और बचाव सेवा को एक पेशेवर सुसज्जित बल में बदलने के लिए एक व्यापक आधुनिकीकरण योजना तैयार कर रही है, जो जलवायु परिवर्तन और बढ़ती प्राकृतिक आपदा से पैदा हुई चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हो। उन्होंने कहा कि राज्य में अभी 133 अग्निशमन स्टेशन हैं और सरकार बल की परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए और अधिकारियों और दमकलकर्मियों की भी भर्ती करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित