चंडीगढ़ , अक्टूबर 08 -- पंजाब के पूर्व विशेष मुख्य सचिव केबीएस सिद्धू ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत छूटे पात्र मतदाताओं के लिए हर मतदान केंद्र पर विशेष शिविर लगाने और प्रक्रिया को कम से कम दो सप्ताह बढ़ाने का आग्रह किया है।
श्री सिद्धू ने गुरुवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे पत्र की प्रति भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त को भी भेजी। उन्होंने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की सात अक्टूबर की घोषणा का हवाला देते हुए कहा कि दिल्ली में नौ और 11 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं तथा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर छूटे मतदाताओं को फॉर्म-6 भरने में सहायता करेंगे। उन्होंने पंजाब में भी पंजाबी, हिंदी और अंग्रेजी में स्पष्ट सूचना जारी करने की मांग की कि मतदाता सूची में नाम नहीं होने वाला कोई भी पात्र नागरिक ऑनलाइन या कागजी रूप में फॉर्म-6 दाखिल कर सके। उन्होंने मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर, बीएलओ के घर-घर दौरे तथा संबंधित सूचियां राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ साझा करने की मांग भी की।
श्री सिद्धू ने कहा कि पंजाब में एसआईआर की प्रक्रिया और अंतिम प्रकाशन के लिए निर्धारित आठ और 12 अक्टूबर की समयसीमा को कम से कम दो सप्ताह बढ़ाया जा सकता है, क्योंकि विधानसभा चुनाव फरवरी 2027 में होने हैं। उन्होंने कहा कि यदि 12 अक्टूबर को अंतिम प्रकाशन की तारीख बरकरार रहती है तो उसके बाद भी कम से कम दो सप्ताह विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मतदाताओं को लिखित रूप में जो जानकारी दी गई है, वही सुविधा पंजाब के मतदाताओं को भी मिलनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित