बैतूल , सितंबर 04 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में किसानों के खेतों, कुओं और ट्यूबवेल से तांबे की केबल चोरी करने वाले गिरोह के तीन और फरार आरोपियों को मुलताई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नौ किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5,400 रुपये है। इस मामले में पहले नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और अब गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 12 हो गई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सावंगी निवासी प्रहलाद लोखंडे ने अपने तथा आसपास के किसानों नितेश सूर्यवंशी, दिवाकर देशमुख, अनुराग सूर्यवंशी, ओमप्रकाश पाल, नामदेव, नारायण बारस्कर और हेमराज सोनारे के कुओं एवं ट्यूबवेल से तांबे की केबल चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर मुलताई थाने में अपराध क्रमांक 699/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों वासुदेव आहाके, बिसराम कवड़े और फैजान से पूछताछ में तीन अन्य फरार आरोपियों के नाम सामने आए। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम माजरी में घेराबंदी कर मुन्ना धुर्वे (50), आकाश उर्फ सोहन धुर्वे (18 वर्ष पांच माह) और अनिल कुमरे (32) को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपियों की निशानदेही पर नौ किलोग्राम चोरी का कॉपर वायर बरामद किया गया। तीनों आरोपियों को तीन सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने किसानों से खेतों और कृषि उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई देने पर तत्काल पुलिस अथवा डायल 112 को सूचना देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित