पन्ना , सितंबर 13 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना सहित अन्य बड़ी परियोजनाओं से बुंदेलखंड क्षेत्र में खुशहाली आएगी और नागरिकों के जीवन स्तर में बदलाव होगा। उन्होंने कहा कि पन्ना महाराजा छत्रसाल और भगवान श्री जुगल किशोर की नगरी है तथा यही वह धरती है, जहां हीरा मिलता है। विश्व प्रसिद्ध पन्ना नेशनल पार्क में बाघ पुनर्स्थापना के चलते बाघों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को पन्ना जिला मुख्यालय स्थित सब्जी मंडी प्रांगण में आयोजित प्रदेश के 28वें बलराम कृषि महोत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर से एक माह तक सेवा संकल्प अभियान संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी सात अक्टूबर को श्री मोदी कुशल प्रशासक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण करेंगे, जो गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसान हित में कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं। बलराम कृषि महोत्सव से किसानों को लाभ मिलेगा तथा कृषि वैज्ञानिकों द्वारा आधुनिक कृषि और नवाचार तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने किसानों से उद्यानिकी और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा अतिरिक्त आय के लिए पशुपालन एवं अन्य गतिविधियां अपनाने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पवई बांध, मझगांय और रुंझ सहित कई लघु सिंचाई परियोजनाओं के माध्यम से किसानों को बड़े स्तर पर सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। उन्होंने गौशाला की राशि में बढ़ोतरी की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान ग्रामीण जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी और भविष्य में इस योजना को नगरीय क्षेत्रों में भी लागू किया जाएगा। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होम स्टे जैसी गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की बात भी उन्होंने कही।
मुख्यमंत्री ने बलराम कृषि महोत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिले के प्रगतिशील किसानों से संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की। ग्राम शाहपुर खुर्द की महिला कृषक कविता रानी ने बताया कि वह वर्ष 2019 से निरंतर प्राकृतिक खेती कर रही हैं और वर्तमान में छह गांवों के लोगों को प्रशिक्षण देकर उन्नत खेती तथा कम लागत में आय बढ़ाने के तरीके बता रही हैं। उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र पन्ना से मिले सहयोग और मार्गदर्शन की जानकारी दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उनसे धान लगाने की विधि के बारे में भी जानकारी ली।
पन्ना के धाम मोहल्ला निवासी राजकमल शर्मा ने कृषि क्षेत्र में शुरू किए गए स्टार्टअप की जानकारी दी। जरूआपुर के प्रगतिशील कृषक सुब्रत मलिक ने उद्यानिकी खेती से आय बढ़ाने की जानकारी साझा की। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के हितग्राही नत्थू प्रसाद यादव ने डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत मुर्रा भैंस खरीदकर सफलतापूर्वक डेयरी व्यवसाय करने के बारे में बताया।
मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्री, विधायकगण और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी संवाद किया। उन्होंने जिला कलेक्टर को अतिवर्षा प्रभावित क्षेत्रों में फसल सर्वे कराने और किसानों की अन्य समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में संचालित जन विश्वास अभियान के शिविरों के माध्यम से भी आमजन को लाभ दिया जा रहा है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट किसानों और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कलाकारों के दल ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक नृत्य और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित