पन्ना , अप्रैल 12 -- देश की बहुचर्चित केन-बेतवा लिंक परियोजना अंतर्गत मध्यप्रदेश में पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में निर्माणाधीन दौधन बांध के समीप विगत 5 अप्रैल से धरने पर बैठे ग्रामीणों से रविवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने वार्ता की और उन्हें धरना समाप्त करने की सलाह दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक दल में एसडीएम पन्ना संजय कुमार नागवंशी, एसडीएम अजयगढ़ आलोक मार्को सहित जल संसाधन विभाग एवं परियोजना के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के नेतृत्वकर्ता अमित भटनागर तथा विस्थापित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
वार्ता के दौरान बालूपुर, कोंदर, कुंवरपुर और विश्रामगंज सहित विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों ने मुआवजा भुगतान में देरी, फेल्ड पेमेंट और पूर्व में की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई वापस लेने की मांग उठाई। प्रशासन ने दस्तावेजों में तकनीकी कमियों को दूर कर वैधानिक प्रक्रिया के तहत अपनी बात रखने की सलाह दी और समस्याओं के त्वरित निराकरण का भरोसा दिलाया।
अधिकारियों ने बताया कि ग्रामवार समस्याओं के समाधान के लिए एसडीओ स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। ग्राम गहदरा के लिए विभागीय अधिकारियों और अशासकीय सदस्यों का संयुक्त जांच दल गठित किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने भी आंदोलन समाप्ति के बाद जांच में सहयोग करने की सहमति दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित