अजमेर , अप्रैल 27 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लघु उद्योगों और हस्तशिल्प क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

श्री चौधरी अजमेर जिले के किशनगढ़ में लघु उद्योग भारती के 32वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 'सेवा संगम एवं मेधावी छात्र सम्मान' कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि 'वोकल फॉर लोकल' और 'लोकल टू ग्लोबल' के मंत्र के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि इससे न केवल कारीगरों और उद्यमियों को मजबूती मिल रही है बल्कि स्वदेशी को भी व्यापक प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने श्रमिकों को उद्योग जगत की रीढ़ बताते हुए कहा कि उनका स्वास्थ्य सुरक्षित रखना और उनके बच्चों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि उनका उत्साह, अनुशासन और संकल्प देश के उज्ज्वल भविष्य की झलक है। उन्होंने लघु उद्योग भारती, किशनगढ़ इकाई द्वारा सेवा और समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित