राजसमंद , मई 27 -- राजस्थान में राजसमंद सीट की विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कहा है कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों की आय में वृद्धि, सिंचाई संसाधनों के विस्तार, उन्नत बीजों की उपलब्धता और आधुनिक कृषि उपकरणों के माध्यम से ग्रामीण विकास को नयी दिशा देने का कार्य कर रही है।

श्रीमती माहेश्वरी बुधवार को राजसमंद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा द्वारा आयोजित किसान सम्मेलन में संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में तकनीकी नवाचार एवं किसान हितैषी योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति से गांव आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो रहे हैं। भाजपा सरकार किसानों के उत्थान एवं ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

श्रीमती माहेश्वरी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि किसान सशक्तीकरण, ग्रामीण चेतना एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला सार्थक वैचारिक अभियान है।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने बदलते समय के अनुरूप किसानों से नयी तकनीक अपनाने, रासायनिक उर्वरकों के उपयोग में संयम रखने और कृषि के विविधीकरण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा निरंतर किसानों के हितों की रक्षा, उनके सशक्तीकरण एवं कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित