नैनीताल , जुलाई 10 -- केन्द्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की टीम की ओर से शुक्रवार को नैनीताल जिले का भ्रमण कर विकसित भारत रोजगार गारंटी और आजीविका मिशन ग्रामीण ,(वीबी जी-राम जी) योजना के क्रियान्वयन हेतु की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।
इस दौरान सर्वप्रथम अधिकारियों द्वारा विकास खण्ड रामनगर में योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया गया तथा कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का अवलोकन किया गया।
इसके उपरांत नैनीताल क्लब में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परियोजना निदेशक, डीआरडीए श्रीमती शिल्पी पंत, जिला विकास अधिकारी श्री संतोष कुमार पंत, जनपद के समस्त खण्ड विकास अधिकारी, उप कार्यक्रम अधिकारी तथा वीबी ग्राम-जी की जिला टीम उपस्थित रही।
बैठक में वीबी जी-रामजी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान खण्ड विकास अधिकारियों एवं उप कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा योजना के संचालन में आ रही व्यावहारिक चुनौतियों से भारत सरकार के अधिकारियों को अवगत कराया गया। विशेष रूप से एनएमएमएस के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करने में आने वाली समस्याएं, सामग्री मद के भुगतान में हो रहे विलम्ब तथा वीबी ग्राम-जी के अंतरिम कार्य सूची में विद्यमान कमियों/अंतराल जैसे विषय प्रमुखता से उठाए गए।
केन्द्र सरकार के अधिकारियों द्वारा सभी सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक से लेते हुए आवश्यक स्तर पर परीक्षण एवं निराकरण का आश्वासन दिया गया। साथ ही योजना के सफल एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित