जयपुर , नवम्बर 06 -- राजस्थान की कई योजनायें एवं नवाचार देश के अन्य राज्यों के लिए मिसाल बनकर उभरे हैं जिसके चलते अन्य राज्य भी इन योजनाओं एवं नवाचारों को अपना रहे हैं। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के 17वें सामान्य समीक्षा अभियान के जांच दल की रिपोर्ट में यह तथ्य सामने आए हैं। जांच दल ने राजस्थान में झुंझुनूं एवं नागौर जिले में चिकित्सा केन्द्रों का 31 अक्टूबर से सात नवम्बर तक निरीक्षण दौरा किया।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि गुरुवार को स्वास्थ्य भवन में जांच दल के साथ बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जांच दल ने निरीक्षण के दौरान अवलोकन किए गए बिंदुओं के आधार पर प्रस्तुतिकरण के माध्यम से पूरी जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की क्रियान्विति, नवाचारों के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की।
श्रीमती राठौड़ ने कहा कि 17वें सामान्य समीक्षा अभियान दल ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान (एनएचएम) के तहत विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और कार्यक्रमों का सघनता से निरीक्षण किया है एवं यह दल अपनी रिपोर्ट केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को सौंपेगा। उन्होंने केन्द्रीय जांच दल को धन्यवाद देते हुए कहा कि केन्द्रीय दल ने भी राज्य में संचालित योजनाओं स्वास्थ्य सेवाओं, अस्पताल में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं जनकल्याण कारी योजनाओं यथा मा-वाउचर योजना, रामाश्रय वार्ड, मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना, निःशुल्क दवा-जांच योजना सहित कई कार्यक्रमों के बारे में सराहना कीहै।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित