जयपुर , जुलाई 03 -- केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधिक कार्य विभाग तथा विधायी विभाग संयुक्त रूप से चार एवं पांच जुलाई को राजस्थान के आबू राज (माउंटआबू ) में सुधार उत्सव एवं चिंतन शिविर 2026 का आयोजन करेगा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस कार्यक्रम में केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल मौजूद रहेंगे। आबू राज स्थित ज्ञान सरोवर, ब्रह्मा कुमारी मुख्यालय में आयोजित इस दो दिवसीय इस कार्यक्रम का उद्देश्य मंत्रालय की प्रमुख उपलब्धियों की समीक्षा करना, महत्वपूर्ण विधिक एवं संस्थागत सुधारों को रेखांकित करना तथा विकसित भारत 2047 के विज़न के अनुरूप आधुनिक, कुशल एवं नागरिक-केंद्रित विधिक व्यवस्था के निर्माण के लिए भावी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श करना है।
उद्घाटन सत्र में दक्ष, प्रौद्योगिकी-संचालित तथा नागरिक-केंद्रित विधिक इकोसिस्टम के निर्माण के लिए मंत्रालय के विजन को प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत विधिक शासन, वैकल्पिक विवाद निवारण (एडीआर), विधायी सुधार, डिजिटल परिवर्तन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, प्रौद्योगिकी-सक्षम शासन, संस्थागत सुधार, क्षमता निर्माण और प्रशासनिक उत्कृष्टता जैसे विषयों पर विषयगत प्रस्तुतियां और विचार-मंथन सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन चर्चाओं का उद्देश्य विचारों का आदान-प्रदान करना, व्यावहारिक सुधारों की पहचान करना तथा शासन एवं सेवा प्रदायगी को और अधिक प्रभावी बनाना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित