सहरसा , सितंबर 03 -- ेन्द्रीय विद्यालय, सहरसा में गुरुवार को सत्र 2026-27 के लिये विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक जिलाधिकारी- सह-अध्यक्ष, केन्द्रीय विद्यालय प्रबंधन समिति, सहरसा दीपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के प्राचार्य सहित प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के अधिगम स्तर तथा बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम में सुधार को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि को बेहतर बनाने के लिए लक्ष्य आधारित एवं सतत शैक्षणिक प्रयास सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में कम-से-कम 25 प्रतिशत विद्यार्थियों द्वारा 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए विद्यार्थियों को नियमित रूप से प्रेरित एवं मार्गदर्शित करने पर बल दिया। साथ ही टेस्ट एवं अभ्यास परीक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की तैयारी का नियमित आकलन करने तथा पूछे गए प्रश्नों के मॉडल उत्तर उपलब्ध कराकर उत्तर लेखन की गुणवत्ता में सुधार लाने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से विज्ञान एवं गणित जैसे विषयों में मूल अवधारणाओं को मजबूत करने पर जोर देते हुए स्टेप-बाय-स्टेप लर्निंग प्रक्रिया अपनाने तथा एनसीईआरटी पाठ्यक्रम का शत-प्रतिशत कवरेज सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विद्यार्थियों की विषयवार कमजोरियों की पहचान कर उनके अनुरूप अतिरिक्त अभ्यास एवं शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, शारीरिक गतिविधियों में सहभागिता एवं नियमित उपस्थिति को भी महत्वपूर्ण मानते हुए कक्षा स्तर पर प्रोत्साहन एवं सहयोग की व्यवस्था करने पर बल दिया गया। जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि विद्यालय में ऐसा शैक्षणिक वातावरण विकसित किया जाए, जिससे विद्यार्थी बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ नीट , जी एवं अन्य उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए भी मजबूत आधार तैयार कर सकें।उन्होंने विद्यालय के समग्र विकास के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिये हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की नियमित समीक्षा एवं आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित