शिवपुरी , अगस्त 30 -- केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कल सोमवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय शिवपुरी दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश भाजपा कार्यसमिति बैठक के बाद सिंधिया ओरछा से शिवपुरी के लिए रवाना होंगे।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों, निर्माण कार्यों तथा लोकार्पण स्थलों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।
जिला पुलिस द्वारा भी केंद्रीय मंत्री के दौरे को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों को कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार श्री सिंधिया 31 अगस्त से 2 सितंबर तक शिवपुरी जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे तथा विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमि पूजन कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित