रायसेन , अगस्त 24 -- केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को रायसेन के शासकीय कन्या महाविद्यालय में अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्राओं की सुविधा के लिए स्थापित हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं छात्रा दीक्षा का छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन भरने की प्रक्रिया पूरी कराई।

श्री चौहान ने महाविद्यालय में उपस्थित छात्राओं तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी शासकीय महाविद्यालयों की छात्राओं से योजना की जानकारी साझा की और पात्र छात्राओं को समय पर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र छात्रा आवेदन करने से वंचित नहीं रहनी चाहिए और आवेदन भरते समय किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि छात्राओं की सुविधा के लिए स्थापित हेल्प डेस्क के माध्यम से छात्रवृत्ति योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और आवेदन जमा करने की जानकारी दी जाएगी तथा जरूरत पड़ने पर आवेदन भी भरवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आर्थिक कारणों से किसी छात्रा की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सरकार तथा विभिन्न संगठनों द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ सभी पात्र विद्यार्थियों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने महाविद्यालय के प्राचार्य और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र छात्रा आवेदन से वंचित न रहे। छात्राओं ने संवाद के दौरान कहा कि महाविद्यालय में ही मार्गदर्शन और आवेदन संबंधी सहायता मिलने से उन्हें काफी सुविधा होगी।

केंद्रीय मंत्री ने शासकीय कन्या महाविद्यालय में कम्प्यूटर लैब का भी लोकार्पण किया। उन्होंने लैब का अवलोकन किया और छात्राओं से संवाद कर उन्हें पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

अजीम प्रेमजी छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्ष 2026-27 के प्रथम चरण के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। आवेदन पूरी तरह नि:शुल्क है और किसी भी चरण पर कोई शुल्क देय नहीं है। योजना के लिए वे छात्राएं पात्र हैं, जिन्होंने सरकारी स्कूल से कक्षा 10वीं और 12वीं की पढ़ाई की हो तथा किसी मान्यता प्राप्त उच्च शिक्षा संस्थान में डिग्री या डिप्लोमा कार्यक्रम के प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया हो।

योजना के तहत पात्र छात्राओं को डिग्री या डिप्लोमा कार्यक्रम की पूरी अवधि के लिए प्रतिवर्ष 30 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी। राशि प्रत्येक वर्ष दो किस्तों में सीधे छात्रा के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी। इसके लिए छात्रा का रंगीन फोटो, आधार कार्ड की रंगीन प्रति, स्वयं के सक्रिय बैंक खाते की पासबुक के प्रथम पृष्ठ की स्कैन प्रति, कक्षा 10वीं और 12वीं की अंकसूची तथा कॉलेज की प्रवेश शुल्क रसीद अथवा बोनाफाइड प्रमाण-पत्र आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित