दतिया , अक्टूबर 26 -- केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की पत्नी सोनल शाह रविवार रात धार्मिक नगरी दतिया पहुंचीं। उन्होंने प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री पीतांबरा पीठ मंदिर में मां बगलामुखी देवी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और देश व परिवार की समृद्धि की कामना की।
सोनल शाह अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ निजी और धार्मिक यात्रा पर दतिया पहुंची थीं। उन्होंने मंदिर परिसर में महाभारत कालीन प्राचीन सिद्ध श्री वनखंडेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर विशेष पूजा भी की। गृहमंत्री के परिवार के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
वही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बल तैनात रहा। पूजा-अर्चना के बाद सोनल शाह पीठ परिसर में संचालित संस्कृत विद्यालय पहुंचीं। वहां उन्होंने आध्यात्मिक परंपरा का निर्वहन करते हुए अध्ययनरत बटुकों को अपने हाथों से भोजन परोसा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित