रूद्रप्रयाग , अक्टूबर, 31 -- केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अगस्त्यमुनि के समीप शनिवार को बस और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गयी।
सौड़ी-बेड़ूबगड़ के बीच एक मोड़ पर हुई इस दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवक घायल हो गये। इनमें दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोड़ पर बस चालक तेज रफ्तार में ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक बस की चपेट में आ गयी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गये। सूचना मिलने पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अगस्त्यमुनि अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घायलों की पहचान हैप्पी बिष्ट (22), निवासी ग्राम बरम्वाड़ी तथा विवेक भंडारी और प्रदीप भंडारी, निवासी ग्राम परकण्डी के रूप में हुई है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों का अस्पताल में उपचार कराया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित