रूद्रप्रयाग , मई 15 -- उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा के दौरान अवैध शराब की तस्करी और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस एवं एसओजी टीम ने संयुक्त जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को 13 बोतल अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बखत महतरा पुत्र हर्क बहादुर निवासी कालिकोट, नेपाल के रूप में हुई है। अभियुक्त अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली सोनप्रयाग में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस विभाग द्वारा यात्रा सीजन में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक आबकारी अधिनियम में कुल सात अभियोग पंजीकृत किए जा चुके हैं। इन मामलों में 213 बोतल अवैध शराब बरामद की गई है तथा सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त दो वाहनों को भी सीज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित