रुद्रप्रयाग , सितम्बर 02 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित भगवान शिव के ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के दूसरे चरण की यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग का कंट्रोल रूम पूर्व की भांति सातों दिन, 24 घंटे सक्रिय रहेगा। कंट्रोल रूम से पूरे यात्रा मार्ग की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निरंतर निगरानी की जाएगी।

जिला आपदा प्रबंधन विभाग की टीम मौसम, यात्रा मार्ग एवं अन्य परिस्थितियों पर लगातार नजर रखेगी। आवश्यकता के अनुसार यात्रा मार्ग पर स्थापित घोषणा प्रणाली के माध्यम से श्रद्धालुओं को मौसम की स्थिति, मार्ग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें सप्ताह के सातों दिन, 24 घंटे नियंत्रण कक्ष से यात्रा व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने जानकारी देते हुए बताया कि केदारनाथ यात्रा मार्ग को कुल 14 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिनमें सात सेक्टर पैदल यात्रा मार्ग पर हैं। सभी सेक्टरों में तैनात टीमें आपसी समन्वय एवं सामंजस्य के साथ कार्य करेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता एवं राहत पहुंचाई जा सके। उन्होंने बताया कि पैदल यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सहायता एवं सुरक्षा के लिए जिला आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा मोचन बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, वाईएमआरएफ, म्यूल टास्क फोर्स तथा आपदा मित्रों की टीमें तैनात रहेंगी। ये टीमें यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित