केदारनाथ , मई 04 -- उत्तराखंड के श्री केदारनाथ धाम में जारी भारी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच एसडीआरएफ की टीम ने सोमवार को तत्परता दिखाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर बीमार तीर्थयात्रियों का सफल रेस्क्यू कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना हेलीपैड क्षेत्र के पास हुई, जहाँ एक वृद्ध तीर्थयात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुँची और पैरामेडिक्स द्वारा प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थिति गंभीर होने पर आशाराम (70), निवासी मध्यप्रदेश को स्ट्रेचर के माध्यम से सुरक्षित निकालकर केदारनाथ स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है।
दूसरी घटना आस्था पथ प्रवेश बिंदु पर हुई, जहाँ एक महिला तीर्थयात्री की तबीयत खराब हो गई। सूचना मिलते ही मंदिर परिसर में तैनात एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुँची। टीम ने कांता बाई (64), निवासी हैदराबाद को ऑक्सीजन सपोर्ट और प्राथमिक उपचार देकर उनकी हालत स्थिर की तथा बाद में उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदारनाथ में भर्ती कराया गया।
दुर्गम परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद एसडीआर एफ की त्वरित कार्रवाई से दोनों तीर्थयात्रियों को समय पर राहत मिल सकी। स्थानीय प्रशासन ने टीम के प्रयासों की सराहना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित