देहरादून , मई 13 -- उत्तराखंड स्थित ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम की यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं दुर्घटनामुक्त बनाए रखने के लिए रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन और परिवहन विभाग गंभीरता एवं सतर्कता से जुटा है। इसके लिए यात्रा मार्ग पर सघन वाहन जांच जारी है। इस दौरान, यातायात नियमों की अवहेलना पर 409 वाहन संचालकों क विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई गई है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रुद्रप्रयाग धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने बुधवार को बताया कि यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा अप्रैल में व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाते हुए बिना ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड, निर्धारित यूनिफॉर्म, वैध इंश्योरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस, फायर एक्सटेंग्यूसर, मेडिकल किट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों तथा सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 409 चालान किए गए, जिनसे 11.03 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क प्राप्त हुआ।
श्री बिष्ट ने कहा कि केदारनाथ यात्रा देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी है। ऐसे में यात्रा मार्गों पर संचालित प्रत्येक वाहन का सुरक्षित एवं मानक अनुरूप होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की टीमें लगातार विभिन्न पड़ावों, जांच बिंदुओं एवं यात्रा मार्गों पर निगरानी बनाए हुए हैं तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की कि सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखें तथा सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली किसी भी लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए आगे भी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित