हरिद्वार , जून, 28 -- उत्तराखंड में टिहरी जिले के बहुचर्चित केतन हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले को रविवार को हरिद्वार के शंकराचार्य चौक पर पुलिस ने रोक दिया। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मौके पर कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, सांसद चंद्रशेखर आजाद टिहरी जनपद स्थित केतन के गांव पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात करने और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाने के लिए रवाना हुए थे। लेकिन हरिद्वार पहुंचने पर पुलिस ने शंकराचार्य चौक पर उनके काफिले को आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित