हैदराबाद , अक्टूबर 27 -- तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने मंगलवार को कांग्रेस सरकार पर जल संसाधनों के कुप्रबंधन और राज्य में सूखे जैसे हालात का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि किसान सिंचाई के पानी, बिजली और यूरिया की कमी से जूझ रहे हैं।
श्री राव ने तेलंगाना भवन में निर्मल निर्वाचन क्षेत्र के कई कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं के बीआरएस में शामिल होने के मौके पर दावा किया कि गोदावरी और कृष्णा नदियों का पानी सिंचाई के काम आने की बजाय समुद्र में बह रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा लिफ्ट सिंचाई पंपों को न चला पाना इस संकट का एक कारण है और कहाकि बेहतर जल प्रबंधन से इस स्थिति को टाला जा सकता था।
श्री राव ने 'रैथु बंधु' भुगतान में देरी और चुनावी वादों को पूरा न करने को लेकर कांग्रेस सरकार की आलोचना की। उन्होंने बीआरएस सरकार की पहलों- जैसे 24 घंटे मुफ्त बिजली, सिंचाई सुविधाएं, रैथु बंधु, केसीआर किट, कल्याणी लक्ष्मी और शादी मुबारक को याद करते हुए दावा किया कि श्री के सी रामाराव के मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल में किसानों और अन्य वर्गों को काफी लाभ मिला था। श्री राव ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए विश्वास जताया कि पूर्व मुख्यमंत्री श्री राव के नेतृत्व में तेलंगाना फिर से विकास और कल्याण के रास्ते पर लौटेगा। उन्होंने निर्मल निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस के प्रदर्शन की भी आलोचना की।
श्री राव ने बीआरएस नेताओं और कार्यकर्ताओं से पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया और 11 नवंबर को निर्मल में एक बड़ी जनसभा आयोजित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस सभा में और भी नेताओं के पार्टी में शामिल होने की उम्मीद है और कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि संगठन के लिए काम करने वालों को उचित जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित