हैदराबाद , जून 22 -- तेलंगाना में भोंगिर (भुवनगिरि) सांसद चामला किरण कुमार रेड्डी ने सोमवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) नेताओं केटी रामा राव और हरीश राव पर मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी के विकास एजेंडे को स्वीकार न कर पाने का आरोप लगाया।
एक वीडियो बयान में सांसद ने कहा कि श्री रेड्डी 'तेलंगाना सरकारी विद्यालय', 'एकीकृत विद्यालय' और एक 'अंतरराष्ट्रीय फल बाजार' जैसी पहलों के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा तथा कृषि को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि श्री रामाराव राजनीति में 'फिल्मी बयानबाजी" का सहारा ले रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि क्या बीआरएस अपने दस वर्ष के शासन को 'सुपर हिट' मानती है? उन्होंने दावा किया कि इस अवधि के दौरान राज्य मुनाफे से कर्ज में डूब गया।
श्री किरण कुमार रेड्डी ने कहा कि बीआरएस शासन में सरकारी विद्यालयों की उपेक्षा की गयी, जबकि मौजूदा सरकार शिक्षा क्षेत्र को पुनर्जीवित करने और किसानों के बीच फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने तेलंगाना में रिकॉर्ड उत्पादन के बावजूद धान खरीद को लेकर केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी पर भी सवाल उठाये।
सांसद ने कहा कि श्री रेड्डी हैदराबाद मेट्रो के दूसरे चरण को सक्रियता से आगे बढ़ा रहे हैं और विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांग रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने बीआरएस पर मेट्रो के मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।
हाइड्रा का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि यह शहरी इलाकों में बाढ़ को रोकने और बरसाती नालों से अतिक्रमण हटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने श्री रामाराव से जिम्मेदारी से बात करने का आग्रह किया और श्री रामाराव व हरीश राव दोनों पर राजनीतिक लाभ के लिए झूठे और दिखावटी बयान देने का आरोप लगाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित