हैदराबाद , मई 21 -- भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष के टी रामा राव ने गुरुवार को तेलंगाना में फसल खरीद के संकट को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर किसानों की उम्मीदों पर खरा न उतरने का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री को लिखे एक खुले पत्र में श्री रामा राव ने आरोप लगाया कि खरीद में देरी, खरीद केंद्रों पर सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक लापरवाही के कारण राज्य भर के किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि किसान लगभग दो महीने से खरीद केंद्रों पर इंतजार कर रहे हैं तथा पूरे तेलंगाना में विरोध प्रदर्शन, धरने और चक्का जाम जैसी स्थितियां देखी जा रही हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि खरीद केंद्रों पर लू लगने, मानसिक तनाव और लंबे इंतजार के कारण कई किसानों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस बड़े संकट के बावजूद मुख्यमंत्री ने एक भी खरीद केंद्र का दौरा नहीं किया।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर पूर्ववर्ती बीआरएस सरकार द्वारा शुरू की गई किसान कल्याण व्यवस्था को बर्बाद करने तथाअनाज की खरीद में जरूरत से ज्यादा कटौती और जूट की बोरियों की कम आपूर्ति जैसे भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित