लखनऊ , फरवरी 27 -- दिल्ली के कथित आबकारी घोटाले में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित सभी 23 आरोपियों को बरी किए जाने के फैसले का आम आदमी पार्टी (आप) उत्तर प्रदेश ने स्वागत किया है।

शुक्रवार को प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहा कि यह निर्णय न्यायपालिका की स्वतंत्रता और सत्य की विजय का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते पार्टी नेतृत्व को निशाना बनाया गया, लेकिन न्यायालय के फैसले ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया।

सभाजीत सिंह ने कहा कि एक निर्वाचित मुख्यमंत्री को 177 दिन तथा उपमुख्यमंत्री को लगभग 17 महीने तक कारावास में रहना पड़ा। इस दौरान परिवारों और कार्यकर्ताओं को मानसिक व सामाजिक दबाव झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि पार्टी को विश्वास था कि अंततः न्याय मिलेगा।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पानी के क्षेत्र में किए गए कार्यों को देशभर में सराहना मिली है। पार्टी का दावा है कि इन पहलों को आगे बढ़ाने और जनता तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। आम आदमी पार्टी ने न्यायालय के निर्णय को लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की जीत बताते हुए कहा कि सत्य अंततः विजयी होता है। पार्टी ने न्यायपालिका के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि वह जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य करती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित