चंडीगढ़ , मई 09 -- रेल मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने शनिवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब के लोगों ने अब आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल के रूप में "दूसरा अहमद शाह अब्दाली" देख लिया है, जो राज्य को लूटने आया है।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय चंडीगढ़ में मीडिया प्रमुख विनीत जोशी की मौजूदगी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री बिट्टू ने आरोप लगाया कि श्री केजरीवाल और श्री भगवंत मान बार-बार आक्रमणकारियों और मुगल शासकों का नाम लेते हैं, क्योंकि उनकी कार्यशैली भी उसी मानसिकता जैसी है। उन्होंने कहा कि आप के मंत्री, विधायक और अधिकारी लगातार भ्रष्टाचार के मामलों में पकड़े जा रहे हैं और पंजाब को भ्रष्टाचार का 'एटीएम' बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब आप ने पंजाब में सरकार बनायी थी, तब खुद को ईमानदारी और स्वच्छ शासन का प्रतीक बताया था, लेकिन आज उसके कई मंत्री और नेता गंभीर भ्रष्टाचार आरोपों का सामना कर रहे हैं। श्री बिट्टू ने कहा कि जिन मंत्रियों को पार्टी ने खुद हटाया, वही इस बात का प्रमाण है कि सरकार में भ्रष्टाचार गहराई तक फैला हुआ है।

श्री बिट्टू ने कहा कि लोकतंत्र में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री किसी की जेब से नहीं निकलते, बल्कि जनता चुनती है। उन्होंने कहा कि असम और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भाजपा की बढ़ती ताकत जनता के भरोसे को दर्शाती है और श्री केजरीवाल को लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपनी ही पार्टी के नेताओं और मंत्रियों पर केस दर्ज करवा कर या दबाव बनाकर उन्हें राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि श्री अमन अरोड़ा जैसे नेताओं को भी राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया गया।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग अब आप के 'ड्रामों और दिखावे' से तंग आ चुके हैं और अब जवाबदेही तथा विकास चाहते हैं। उन्होंने श्री मान से कहा कि राजनीतिक नौटंकी छोड़कर शासन और पंजाब के कल्याण पर ध्यान दें।

श्री बिट्टू ने कहा कि पंजाब की जनता समझ चुकी है कि आम आदमी पार्टी का राज्य के साथ कोई भावनात्मक या सांस्कृतिक रिश्ता नहीं है, बल्कि केवल 'लेन-देन का रिश्ता' है। उन्होंने दावा किया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सिख समाज की प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब से जुड़े प्रमुख मुद्दों, चंडीगढ़, नदी जल विवाद, भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड और सिख बंदियों के मामलों, को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जैसे अनुच्छेद 370 हटाया गया और आतंकवाद और नक्सलवाद पर काबू पाया गया, वैसे ही पंजाब के मुद्दों का भी समाधान भाजपा के नेतृत्व में होगा।

श्री बिट्टू ने आरोप लगाया कि प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन से लेकर अन्य सरकारी कामों तक पंजाब में दलालों और भ्रष्टाचार का तंत्र खड़ा कर दिया गया है, जिससे आम लोगों का शोषण हो रहा है। उन्होंने मीडिया से ऐसे भ्रष्टाचार को उजागर करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और आने वाले समय में भाजपा को मजबूत समर्थन मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित